सिमरी बख्तियारपुर, (सहरसा)
सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में नवरात्रि के अवसर पर दुर्गा पूजा का पर्व पूरे हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। मां दुर्गा मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।
नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर, स्टेशन परिसर और पुरानी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में मेला जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी दुर्गा स्थान पर संगमरमर से स्थापित प्रतिमा आकर्षक सजावट के साथ श्रद्धालुओं का मन मोह रही है। वहीं स्टेशन परिसर और पुरानी बाजार में कलाकारों द्वारा निर्मित भव्य प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ प्रतिमाओं के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगातार उमड़ रही है। साथ ही विभिन्न पूजा समितियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।
रेलवे दुर्गा स्थान पर ग्रामीण नृत्य एवं संगीत कार्यक्रम लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। सिर्फ नगर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि प्रखंड के अष्टभुजा दुर्गा मंदिर सरोजा, मटेश्वर धाम कांठो, भोटिया, सोनपुरा, मोहनपुर, सरडीहा आदि गांवों में भी भव्य प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। बड़ी दुर्गा स्थान पूजा समिति के अध्यक्ष संजय मोदी, सचिव अमित चंद्र, कोषाध्यक्ष विशाल गुप्ता, मनीष, राहुल, पंचानंद स्वर्णकार, रौशन, नीरज, पवन, मंटू आदि सदस्य मेला और कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पुरानी बाजार में अनुज जायसवाल, रिक्की जायसवाल, छोटू कुमार, रौशन, रवि, रोहित, सिम्पल, आयुष, सचिन एवं प्राचीन अष्टभुजा दुर्गा मंदिर उंझा के अध्यक्ष देवव्रत सिंह, नंदन सिंह, धर्मवीर सिंह, जयशंकर सिंह, दिलीप सिंह, राजकिशोर सिंह, सुभाष सिंह और प्रशांत सहित कई लोग पूजा-मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं। सिमरी बख्तियारपुर में दुर्गा पूजा को लेकर भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण बना हुआ है, जो अगले कुछ दिनों तक श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता रहेगा।
0 Comments: